मुजफ्फरनगर। ऑल इंडिया श्वेताम्बर स्थानकवासी जैन कान्फ्रेंस के चुनाव में कीमती लाल जैन को निर्विरोध उत्तर प्रदेश अध्यक्ष बनाना तय किया है। ऐसा कर के एक मिसाल कायम होगी। दरअसल सुशील जैन गाजियाबाद ने समाज के संभ्रांत लोगां के बीच अपने गुरु भाई कीमती लाल जैन को आशीर्वाद प्रदान करते हुए अपना नामांकन वापस करने का निर्णय लिया है। गौरतलब है कि इस समय पूरे भारत में ऑल इंडिया श्वेताम्बर स्थानकवासी जैन कान्फ्रेंस के चुनाव चल रहे हैं। उक्त संगठन स्थानकवासी जैन समाज का केंद्रीय संगठन है व समाज में अपनी एक अलग प्रतिष्ठा रखता है। पूरे देश में इस संगठन के राष्ट्रीय व प्रदेश अध्यक्षगण के चुनाव एक ही दिन होते हैं। सर्वविदित है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव निर्विरोध तय हो चुका है व अतुल जैन ऑल इंडिया श्वेताम्बर स्थानकवासी जैन कान्फ्रेंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश में दो प्रत्याशी जिनमें एक सुशील जैन गाजियाबाद व दूसरे मुजफ्फरनगर निवासी कीमती लाल जैन हैं। दोनों ही शख्सियत अपने अपने स्तर पर सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते रहें है। जैन समाज के सक्रिय लोगो की भावनाएं थी कि उत्तर प्रदेश का चुनाव भी निर्विरोध सम्पन्न हो व अध्यक्ष आपसी सहमति से तय कर लिया जाये। समाज की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सुशील जैन ने सौहार्द पूर्ण बैठक में त्याग का उदाहरण प्रस्तुत किया व आपसी सामंजस्य से सहमति बनाते हुए प्रदेश अध्यक्ष पद पर कीमती लाल जैन को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके उत्तर प्रदेश अध्यक्ष बनने का रास्ता निर्बाध करने का काम किया। मौके पर गौरव जैन, अमित राय जैन, राकेश मोहन जैन, पुष्कर जैन, अतुल जैन, आशीष जैन, सुनील जैन, अनुराग जैन, पुनीत जैन, वैभव जैन, शुभम जैन, अभिनव जैन, श्रेयांस जैन आदि लोग उपस्थित रहे।





